PALI SIROHI ONLINE
पाली-मारवाड़ के मायरे की झलकी सुदूर दक्षिणी राज्य तमिलनाडु के चेन्नई में दिखी। मूल रूप से पाली जिले के सोजत उपखंड स्थित मुरडावा गांव के निवासी और वर्तमान में चेन्नई (व्यासरपाड़ी) में प्रवासी उदयनारायण शर्मा (पुत्र स्व. बंशीलाल शर्मा मथुरिया) ने दोहिती चहिती शर्मा के विवाह में सवा करोड़ रुपए का मायरा भरा। शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज में इसे अब तक का पहला और ऐतिहासिक मायरा माना जा रहा है।
मंगल गीतों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 26 नवंबर को चेन्नईमें यह मांगलिक प्रसंग संपन्न हुआ। प्रमिला एवं विनय शर्मा की सुपुत्री चहिती शर्मा (चार्टर्ड अकाउंटेंट) का पाणिग्रहण संस्कार राजस्थान के डूंगरपुर निवासी प्रह्लाद कुमार हटिला के सुपुत्र हर्षित शर्मा (सॉफ्टवेयर इंजीनियर) के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से हुआ। बारात डूंगरपुर से चेन्नई पहुंची थी।
उदयनारायण शर्मा ने समाज विकास के लिए शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा, चेन्नई को 5 लाख रुपए की सहयोग राशि भेंट की। इस पर समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोर शर्मा कुवेरा, चेन्नई समाज अध्यक्ष अशोक शर्मा मथुरिया, बेंगलुरु के पूर्व अध्यक्ष तेजराज शर्मा ने परिवार का आभार जताया।

