PALI SIROHI ONLINE
मतदाता सूचियों के अद्यतन सेट तैयार करने में जुटे कार्मिक
पाली 21 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत पाली पंचायत समिति क्षेत्र में द्वितीय चरण में होने वाले मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान दिवस पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा रहा है।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पाली विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि पाली पंचायत समिति क्षेत्र में होने वाले मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करवाकर मतदान दिवस पर संपादित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके साथ ही चुनाव शाखा एवं विभिन्न प्रकोष्ठों में कार्यरत कार्मिक मतदाता सूचियों के अद्यतन सेट तैयार करने सहित निर्वाचन संबंधी कार्यों में जुटे हुए हैं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
प्रकोष्ठ प्रभारियों को सौंपे दायित्व – ईआरओ राणावत ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए गठित विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारियों की आवश्यक बैठक लेकर उन्हें उनके दायित्व सौंप दिए गए हैं। सभी प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्य समय पर पूर्ण करने तथा मतदान दिवस पर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
चुनावी तैयारियों में जुटा कार्मिक दल -निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में चुनाव शाखा प्रभारी ललित कुमार दवे, सुरेश कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, सहायक मीडिया प्रभारी अभिषेक चतुर्वेदी, स्वीप प्रभारी अनिल नामा, गणपत पालीवाल, लोकेश दवे, मनोज रांगी, पारसराम प्रजापत, सुरेश सीरवी, दिनेश बामणिया, राजेश्वर पुन्नड, माणक दास, राजेश कुमार सैन, ओमप्रकाश प्रजापत, नेमीचंद महावर, मंगलाराम पटेल, कुलदीप जोशी, अभिषेक राजपुरोहित पुनायता एवं जयगिरी गोस्वामी, इन्द्र सिंह सहित अन्य कार्मिक जुटे हुए हैं।




