PALI SIROHI ONLINE
*पंचायतीराज संस्था आम चुनाव-2026*
*प्रथम चरण के मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केन्द्रों के लिए होंगे रवाना*
पाली, 20 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्था आम चुनाव-2026 के तहत पाली जिले में प्रथम चरण में जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए बुधवार को मारवाड़ जंक्शन, सोजत, बगड़ी, सुमेरपुर एवं रानी पंचायत समिति क्षेत्रों के मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात संबंधित ब्लॉक से अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रमानुसार प्रथम चरण में मारवाड़ जंक्शन पंचायत समिति क्षेत्र की 51 ग्राम पंचायतों के 174 मतदान केन्द्रों, सोजत की 28 ग्राम पंचायतों के 108 मतदान केन्द्रों, बगड़ी की 15 ग्राम पंचायतों के 73 मतदान केन्द्रों, सुमेरपुर की 34 ग्राम पंचायतों के 150 मतदान केन्द्रों तथा रानी पंचायत समिति क्षेत्र की 29 ग्राम पंचायतों के 137 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल रवाना होंगे। इस प्रकार प्रथम चरण में कुल 157 ग्राम पंचायतों में 642 मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान दल संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं पंचायत समिति स्तर पर आयोजित अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद निर्वाचन सामग्री सहित अपने-अपने मतदान केन्द्रों के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान 22 अक्टूबर को ईवीएम के माध्यम से करवाया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।




