PALI SIROHI ONLINE
प्रशिक्षण से अनुपस्थित पांच कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस
तीन पीठासीन व दो प्रथम मतदान अधिकारी रहे अनुपस्थित, जवाब के आधार पर होगी कार्रवाई
पाली, 3 सितम्बर। जिले में नगर निकायों के लिए आगामी 9 एवं 11 सितम्बर को प्रस्तावित मतदान को लेकर निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान दलों के कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रथम प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले पांच कार्मिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्ति प्रकोष्ठ चंद्रेशपाल सिंह ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान दलों में नियुक्त पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण 1 एवं 2 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, आवश्यक प्रपत्रों एवं निर्वाचन संबंधी अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
पांच कार्मिक प्रशिक्षण से रहे अनुपस्थित – उन्होने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीन पीठासीन अधिकारी एवं दो प्रथम मतदान अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। निर्वाचन कार्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्व से संबंधित प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी अधिकारी नियुक्ति प्रकोष्ठ एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद पाली की ओर से संबंधित कार्मिकों के नियंत्रण अधिकारियों के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जवाब के आधार पर होगी कार्रवाई -उन्होने बताया कि नोटिस के माध्यम से अनुपस्थित कार्मिकों से प्रशिक्षण में उपस्थित नहीं होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कार्मिकों से प्राप्त प्रत्युत्तर का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। प्रशासन ने निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण एवं चुनाव संबंधी दायित्वों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं।

