PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के जवाहर नगर में बेटे से मिलने गई महिला के घर पर चोरी हो गई। महिला घर पर ताला लगाकर गई थी, लेकिन उनके जाने के बाद अलमारी, संदूक और सूटकेस के ताले तोड़कर करीब 19 लाख रुपए की ज्वेलरी और 90 हजार रुपए का कैश ले गए।
मामला पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पीड़िता के बेटे की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
ताले टूटे मिले, सामान बिखरा पड़ा था
जेतपुर पुलिस के अनुसार, कुलथाना निवासी रमेश चौधरी पुत्र मंगलाराम पटेल ने 3 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। रमेश ने बताया कि वह वर्तमान में पाली के मंडिया रोड स्थित जवाहर नगर में रहता है, जबकि उसके गांव कुलथाना स्थित घर में उसकी बुजुर्ग मां मैथीदेवी अकेले रहती हैं।
26 सितंबर की शाम मैथीदेवी मकान के ताला लगाकर पाली में अपने बेटे रमेश से मिलने आई थीं। अगले दिन, 27 सितंबर की सुबह जब वह वापस गांव कुलथाना पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजों और कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखने पर अलमारी, संदूक और बॉक्स के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।
साढ़े 10 तोला सोना और सवा दो किलो चांदी गायब पीड़ित के अनुसार, चोर अलमारी और बक्से में रखे करीब साढ़े 10 तोले सोने के गहने और सवा दो किलो चांदी के आभूषण समेट कर ले गए। बाजार दर के हिसाब से चोरी गए गहनों की कीमत लगभग 19 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही अलमारी में रखे 90 हजार रुपए कैश भी गायब मिला।
घटना की सूचना मिलने पर जेतपुर थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज व संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।





