PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों और मारपीट की घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। जाडन में पैदल जा रहे एक मजदूर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जबकि पाली शहर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में सवारियों से भरे टेम्पो को कार ने टक्कर मार दी, जिससे पांच यात्री घायल हो गए। वहीं सोजत में एक विवाहिता ने अपने मौसेरे भाई पर मारपीट का आरोप लगाया है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जाडन में पैदल जा रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
शिवपुरा थाना क्षेत्र के जाडन गांव में रविवार देर शाम पैदल जा रहे मजदूर ओमाराम (30) पुत्र भीमाराम को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे देर रात उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया।
हाउसिंग बोर्ड में टेम्पो और कार की टक्कर, पांच यात्री घायल
हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में सांई बाबा मंदिर के पास रविवार को सवारियों से भरे एक टेम्पो को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पो में सवार सुभाष नगर भटवाड़ा निवासी श्रवण कुमार (30) पुत्र मोहनलाल, सुभाष नगर ए निवासी कश्मीरसिंह (30) पुत्र कीमतसिंह, महाराणा प्रताप नगर निवासी देवाराम (70) पुत्र दीपाराम, सोसायटी नगर निवासी पपली देवी (60) पत्नी धनाराम और सुभाष नगर ए निवासी तख्तसिंह (36) पुत्र जोगेंद्रसिंह घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया।
सोजत में विवाहिता से मारपीट, बीच-बचाव में आए पिता भी घायल
सोजत सिटी क्षेत्र के नरसिंहपुरा में रहने वाली विवाहिता पिंकी (22) के साथ उसके मौसेरे भाई ने कथित रूप से मारपीट कर दी। घटना में पिंकी के हाथ और चेहरे पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता गंगाराम के साथ भी मारपीट की गई। गंगाराम का उपचार सोजत अस्पताल में कराया गया, जबकि पिंकी को उसकी मां चंदादेवी उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचीं।डेढ़ साल से पीहर में रहने को लेकर विवाद का आरोप
पीड़िता पिंकी का आरोप है कि वह पिछले करीब डेढ़ साल से अपने पीहर में रह रही है। इसी बात से नाराज होकर उसकी मौसी के बेटे ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद उसका अस्पताल में उपचार कराया गया।


