PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर से करीब 7 किलोमीटर दूर जगत नाडी दुर्ग स्थित भाट समाज के आराध्य संत किशनाराम महाराज के आश्रम में तोड़फोड़ और पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। घटना को लेकर भाट समाज में रोष है। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक के साथ एसपी मोनिका सैन और कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।70 साल पुरानी धूणी और समाधि आश्रम में
ज्ञापन में बताया गया कि आश्रम में संत किशनाराम महाराज की करीब 70 साल पुरानी धूणी और समाधि स्थित है। समाज की ओर से आश्रम की देखरेख और पूजा-सेवा के लिए सेवादार नियुक्त किया गया था।
समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पिछले 3-4 दिनों के दौरान सेवादार ने कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से आश्रम की धूणी और मंदिर में तोड़फोड़ की। आरोप है कि आश्रम की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से यह गतिविधियां की जा रही हैं।
पेड़ काटकर बेचने का भी आरोप
ज्ञापन में आश्रम परिसर में लगे पेड़ों को काटकर बेचने का भी आरोप लगाया गया है। समाज के लोगों का कहना है कि आश्रम में बाहरी लोगों को बुलाकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। साथ ही आश्रम परिसर में तामसिक भोजन की पार्टियां आयोजित करने का आरोप भी लगाया गया है।
भाट समाज के लोगों ने कहा कि आश्रम उनके आराध्य संत से जुड़ा प्रमुख आस्था स्थल है। यहां की धूणी, समाधि और मंदिर से समाज की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हैं। ऐसे में कथित तोड़फोड़ और अवैध गतिविधियों से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आश्रम की मौजूदा स्थिति की जांच कराने, तोड़फोड़ और पेड़ों की कटाई की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही आश्रम की पवित्रता और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।


