पाली डाकघर को बम से उड़ाने की धमकीः ईमेल में लिखा- साइनाइड बम ब्लास्ट से उड़ा देंगे; जोधपुर से बम निरोधक दस्ता बुलाया
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर के पुराना बस स्टैंड के पास स्थित मुख्य डाकघर और पासपोर्ट ऑफिस को मंगलवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली।
धमकी की सूचना मिलते ही डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय में हड़कंप मच गया और पूरा स्टाफ ऑफिस छोड़कर बाहर आ गया।
सूचना पर ASP जयसिंह तंवर और कोतवाली थानाधिकारी रविंद्र सिंह खींची पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डाकघर के बाहर जुटी भीड़ को हटाया।
ईमेल में दी गंभीर चेतावनी
डाकघर को भेजे गए ईमेल में लिखा गया है कि पूरे परिसर को साइनाइड बम से उड़ा दिया जाएगा और इसे सामान्य धमकी समझने की गलती न की जाए।
धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद कर्मचारियों में घबराहट फैल गई और कामकाज तुरंत रोक दिया गया।
बम निरोधक दस्ता बुलाया गया
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जोधपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया है।ASP जयसिंह तंवर ने बताया कि टीम द्वारा परिसर की जांच की जाएगी ताकि धमकी की सत्यता का पता लगाया जा सके।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी मिले ईमेल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिलने की बात सामने आ रही है।
ऐसे में पुलिस और साइबर टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
डाकघर और पासपोर्ट का काम प्रभावित
डाकघर अधीक्षक तरुण कुमार शर्मा ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही पासपोर्ट ऑफिस और डाकघर का पूरा स्टाफ बाहर आ गया।
सुरक्षा कारणों से पासपोर्ट बनाने और डाकघर से जुड़े सभी कामकाज फिलहाल प्रभावित हो रहे हैं।
साइबर जांच शुरू
पुलिस ने ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा मेल कहां से भेजा गया। सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
