PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर में चाइनीज मांझे से एक बार फिर हादसा सामने आया है। शुक्रवार शाम राइकों की ढाणी मणि नगर में रहने वाले पांच साल के बच्चे का गाल चाइनीज मांझे से कट गया।
बच्चे को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गाल पर 14 टांके लगाए।
मकर संक्रांति के दो वीक बाद भी इस तरह की घटना ने शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाइक पर पिता के साथ जा रहा था बच्चा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम पांच साल का रोहित अपने पिता देवाराम के साथ बाइक पर बैठकर फल खरीदने जा रहा था।
रास्ते में अचानक एक पतंग कटकर बाइक के सामने आ गई। पतंग में लगे चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बच्चे के गाल पर गहरा कट लग गया।
चाइनीज मांझे से करीब 3 सेमी तक कट
हादसे के बाद परिजन बच्चे को तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जांच में सामने आया कि चाइनीज मांझे से बच्चे के गाल पर करीब तीन सेमी तक गहरा कट लगा है।
डर्मिक लेयर कटने से लगे 14 टांके
बांगड़ हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के गाल की डर्मिक लेयर तक कट लग गया था। इस वजह से घाव को ठीक करने के लिए 14 टांके लगाने पड़े।
डॉक्टर ने दी चोट की जानकारी
सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. परीक्षित सिंह ने बताया कि अगर कट केवल ऊपर की त्वचा तक होता तो वह अपने आप ठीक हो जाता।
लेकिन डीप स्किन एपिडमिक और डर्मिक कट होने के कारण टांके लगाने जरूरी थे।
चाइनीज मांझे की बिक्री पर सवाल
मकर संक्रांति बीतने के दो वीक बाद भी चाइनीज मांझे से हादसा होना यह दिखाता है कि शहर में अब भी इसकी बिक्री हो रही है। यह स्थिति प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े करती है।

