PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर में सड़क पर दो सांडों की लड़ाई के कारण हादसा हो गया। लड़ते हुए सांडों की चपेट में आने से बाइक सवार एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के दयालपुरा खेड़ा गांव निवासी तेजाराम (62) पुत्र सवाराम मंगलवार शाम बाइक से रूपावास के पास स्थित पेट्रोल पंप पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रूपावास के निकट सड़क पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे।
जैसे ही तेजाराम वहां से गुजर रहे थे, लड़ते हुए सांड उनकी बाइक से टकरा गए। इस टक्कर में वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज, फिर जोधपुर रेफर
घायल तेजाराम को तत्काल इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रात में ही जोधपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर घायल के परिजन और परिचित भी बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। इस हादसे के बाद क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर चिंता जताई जा रही है।

