PALI SIROHI ONLINE
सोजत। सोजत के पास शिवपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क हादसे में एक की मौत हो गई। बाइक का संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार पिता-बेटा गिर गए। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा सुरायता और मोडावास गांव के बीच उस समय हुआ जब दोनों बाइक पर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सुरायता गांव निवासी जवरीलाल सैन (48) जो हलवाई का काम करते थे, अपने बेटे विक्रम (24) के साथ गांव लौट रहे थे। देर रात मोडावास और सुरायता गांव के बीच उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सोजत के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां जवरीलाल सैन ने दम तोड़ दिया। बेटे विक्रम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर शिवपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक जवरीलाल सैन के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


