PALI SIROHI ONLINE
पाली-भाजपा नेता भंवर चौधरी और उनके भाई नारायण चौधरी के घर से 46 तोला सोने के गहने चोरी हो गए है। बुधवार को सामाजिक कार्यक्रम में जाने के लिए घर की महिलाओं ने गहने पहनने के लिए अलमारी खोली तो उनके होश उड़ गए। दोनों अलमारियों सोने के गहनों का बॉक्स गायब था। घर में पिछले करीब 15 दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में शक की सुई काम पर आने वाले मजदूरों पर है। सूचना पर पर कोतवाली पुलिस बुधवार को मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
कोतवाल किशोरसिंह भाटी ने बताया कि शहर के बापूनगर विस्तार में रहने वाले 59 साल के भंवर चौधरी पुत्र भूराराम चौधरी ने रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि बापूनगर विस्तार में चार भाई साथ में रहते है। यहां पिछले करीब 15 दिनों से कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। ऐसे में मजदूरों का
आना-जाना लगा रहता है। उनके और उनके भाई नारायण चौधरी के घर के सबसे पीछे वाले कमरे में अलमारी पड़ी थी। जिसमें गहने थे। 23 अप्रेल को सामाजिक कार्यक्रम में जाने के दौरान घर की महिलाओं ने गहने पहने थे। आज (1 मई) शिवपुरा सामाजिक कार्यक्रम में जाने के लिए उनकी पत्नी मोहनी देवी ने अलमारी खोली तो होश उड़ गए। अलमारी में रखा सोने के गहनों से भरा बॉक्स गायब था और चांदी के गहनों से भरा बॉक्स अलमारी में पड़ा था। उनके गहने चोर होने की जानकारी मिलने पर घर के सभी सदस्य एकत्रित हो गए। बाद में उनके छोटे भाई नारायण चौधरी के कमरे में रखी अलमारी खंगाली तो उसमें से भी सोने के गहनों का बॉक्स गायब मिला।
दोनों भाईयों का 46 तोला सोने के गहने गायब, बाजार कीमत करीब 34 लाख
रिपोर्ट में भंवर चौधरी ने बताया कि उनके घर से 30 तोला और उनके छोटे भाई नारायण चौधरी के घर से 16 तोला सोने के गहने गायब हो गए। जिनकी बाजार कीमत करीब 46 लाख रुपए है।
तीसरे घर में अलमारी अगले कमरे में पड़ी थी इसलिए बच गए गहने
भंवर चौधरी ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते निर्मल चौधरी के घर में अलमारी उन्होंने अगले कमरे में रखी हुई थी। उस में भी करीब 20 तोला सोने के गहने थे। लेकिन अलमारी अगले कमरे में पड़ी होने से बदमाश उसे चोरी नहीं कर सके।
शक की सुई मजदूरों पर
निर्माण कार्य के चलते घर पर पलम्पर, एसी ठीक करने वाला और इलेक्ट्रिशन सहित निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों का आना-जाना लगा रहता था। क्योंकि पिछले करीब 15 दिनों से काम चल रहा है। ऐसे में शक है कि यहां आने वाले किसी मजदूर ने गहने चोरी किए होंगे। इस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है।