PALI SIROHI ONLINE
*पाली-27 नवंबर को ‘बाल विवाह’ के उन्मूलन के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी*
पाली, 23 नवंबर। बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन के उद्देश्य से 27 नवंबर को जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार इस अभियान के अंतर्गत ग्राम सभाओं, सामूहिक शपथ ग्रहण, स्थानीय जागरूकता कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवंबर को बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में नामित किया गया है। इस दिवस को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के शुभारंभ की वर्षगांठ के रूप में भी मनाया जाता है। अभियान के तहत 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता मॉड्यूल का संचालन 21 दिसंबर 2026 तक किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर को ग्राम सभाओं, सामूहिक शपथ ग्रहण, स्थानीय जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के पोर्टल के माध्यम से शपथ दिलवाने संबंधी कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, एएनएम, विद्यालय एवं शैक्षणिक संस्थान, ग्राम पंचायतें, शहरी स्थानीय निकाय, स्वयं सहायता समूह, युवा एवं सामुदायिक नेतृत्व, धार्मिक संगठन, पुलिस तथा बाल अधिकारिता विभाग सहित संबंधित संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों, बाल विवाह के मामलों की पहचान एवं रिपोर्टिंग तथा सामुदायिक स्तर पर रोकथाम के संबंध में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपखंड स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी, पर्यवेक्षण अधिकारी एवं तहसीलदार कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे तथा निर्धारित गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करवाएंगे। साथ ही बाल विवाह के प्रकरणों की पहचान कर समयबद्ध एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संबंधित विभागों को 27 नवंबर को आयोजित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के फोटो, वीडियो तथा आयोजन संबंधी रिपोर्ट निर्धारित ई-मेल आईडी sjepali@yahoo.com/paliadicps@gmail.com एवं व्हाट्सएप नंबर 9414294168 पर भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभियान की गतिविधियों का संकलन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।

