PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले के मारवाड जंक्शन थाना क्षेत्र में होली के दिन गाली गलौच करने से रोकना एक बिजनेसमैन को भारी पड गया।
गांव के दो युवकों ने नाराज होकर कुछ दिन बाद कार से टक्कर मारकर बिजनेसमैन और उसके दोस्त पर लोहे के सरिए से हमला कर दिया।हमले में बिजनेसमैन गंभीर घायल हो गया और उसे पाली के बांगड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली में मिठाई की शॉप चलाते हैं पीड़ित
मारवाड जंक्शन थाने में आऊव गांव निवासी गौतमसिंह पुत्र रामेश्वरसिंह ने रिपोर्ट दी।
रिपोर्ट में बताया कि उनके भाई जितेन्द्रसिंह दिल्ली के फिरोजाबाद में मिठाई की शॉप चलाते हैं और होली का त्योहार मनाने के लिए गांव आए हुए थे।
होली के दिन गाली गलौच करने से टोका था
रिपोर्ट के अनुसार होली के दिन गांव के जयपालसिंह और उसका भाई राहुलसिंह पुत्र किशोरसिंह गाली गलौच कर रहे थे।
इस पर जितेन्द्रसिंह ने उन्हें टोका तो दोनों नाराज हो गए और बाद में देखने की धमकी देकर वहां से चले गए।
कार से टक्कर मारकर बाइक से गिराया
रिपोर्ट में बताया कि 6 मार्च 2026 की रात को जितेन्द्रसिंह अपने दोस्त गोरधनसिंह के साथ बाइक से चेलावास से आऊव की तरफ जा रहे थे।रास्ते में सुगाली माता मंदिर के पास जयपालसिंह और राहुलसिंह ने उन्हें देख लिया और कार से टक्कर मारकर बाइक से नीचे गिरा दिया।
लोहे के सरिए से हमला, सिर पर गंभीर चोट
बाइक से गिरने के बाद दोनों आरोपियों ने लोहे के सरिए से जितेन्द्रसिंह और गोरधनसिंह पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
हमले में जितेन्द्रसिंह के सिर पर गंभीर चोट आई। पहले उन्हें मारवाड जंक्शन ले जाया गया और बाद में पाली के बांगड हॉस्पिटल रेफर किया गया। हॉस्पिटल में उनके सिर में 10 टांके लगाए गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पीड़ित के भाई की रिपोर्ट पर मारवाड जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

