वेरा विलपुर में दिनदहाड़े मकान में चोरी:सोने-चांदी के गहने और नकदी पार, आधार कार्ड फाड़कर झाड़ियों में फेंके
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में पालड़ी एम थाना क्षेत्र के वेरा विलपुर गांव में दिनदहाड़े एक मकान में चोरी की वारदात हुई। चोरों ने अलमारी और बक्सों से सोने-चांदी के जेवर और 15 हजार रुपए नकद चुरा लिए। जाते समय वे आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज फाड़कर झाड़ियों में फेंक गए।
कॉलरगढ़ मार्ग स्कूल के सामने निवासी हीराराम देवासी की पत्नी जतुबाई घर पर अकेली थीं। वे किसी रिश्तेदार के यहां दूसरे गांव गई हुई थीं। करीब 2 घंटे बाद जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
दस्तावेजों को फाड़कर झाड़ियों में फेंक गए
कमरे के मुख्य द्वार पर लगे ताले, बक्से और ड्रम सहित सभी के ताले टूटे हुए थे। सामान बिखरा देखकर जतुबाई को चोरी का एहसास हुआ। उनके रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें घटना की जानकारी मिली। चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के सभी जेवर, 15,000 रुपए नकद, बच्चों के आधार कार्ड, राशन कार्ड और स्कूलों की मार्कशीट सहित सभी महत्वपूर्ण कागजात चुरा लिए। इन दस्तावेजों को फाड़कर गांव के बाहर झाड़ियों में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पालड़ी एम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फोटो तथा वीडियोग्राफी भी की।

