PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर पालडीएम क्षेत्र में उथमन टोल प्लाजा पर एक ओवरलोड ट्रेलर का चालान होने से नाराज ड्राइवर ने टोलकर्मी ताराराम मीणा को हाथ से पकड़कर दूर तक घसीटता हुआ ले गया। चलते वाहन से जैसे ही उसे छोड़ा, ताराराम ट्रॉला के नीचे आ गया और उनकी मौत हो गई।
घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस कंट्रोल से मिली सूचना पर कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली। बाद में पाली जिले के जार्डन टोल से वाहन जब्त कर लिया गया। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने परिजन और टोल प्लाजा के अधिकारियों के बीच समझौता कराया।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11:17 बजे पालडीएम पुलिस और टोल प्लाजा के अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कंट्रोल से सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि एक कर्मचारी का शव सड़क किनारे पड़ा है, जिसे कोई ट्रॉला कुचलकर चला गया है। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तब तक गंभीर रूप से घायल ताराराम मीणा बुरी तरह तड़प रहा था। उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी गई। सुबह समाज के लोग और परिजन टोल प्लाजा के पास जमा हो गए और मुआवजे की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों की बात सुनी और टोल अधिकारियों को सिरोही अस्पताल की मॉर्च्यूरी में बुलाया। वहीं पर उनसे बातचीत की।
पूर्व विधायक लोढ़ा ने टोल अधिकारियों से पूछा कि युवक अकेला ड्यूटी पर था, न कोई गार्ड था और न ही वहां सीसीटीवी कैमरे लगे थे। इस पर टोल अधिकारी कोई जवाब नहीं दे पाए। करीब 15 मिनट बाद टोल अधिकारियों ने शर्तें मानते हुए कहा कि 20-22 लाख रुपए उसके खाते में जमा किए जाएंगे। साथ ही, हर महीने 15,000 रुपए पेंशन और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।
इसके बाद परिजनों ने ट्रॉला ड्राइवर के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पालडीएम थानाधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना करीब आधे घंटे के बाद मिली, तब तक ट्रेलर चालक को लेकर पाली जिले के जार्डन टोल प्लाजा तक पहुंच चुका था। पुलिस ने ट्राला को रुकवा कर जप्त तथा चालक को गिरफ्तार कर थाने लेकर आ गए।
दरअसल टोल प्लाजा पर पहुंचने वाले वाहनों को ओवरलोड बताते हुए उनके चालान किए जाते हैं, बाद में उन्हें जब धर्म कांटा पर ले जाकर कॉल किया जाता है तो वह अंडर लोड होते हैं। इसी घटना को लेकर ड्राइवर गुस्से में आ गया और उसने कर्मचारी का मोबाइल छीन लिया और हाथ पकड़कर घसीटता हुआ करीब 50 मीटर तक ले गया। फिर अचानक छोड़ने से कर्मचारी लुढ़कता हुआ ट्रॉले के पहिए के नीचे कुचल गया। तारा राम मीणा शादीशुदा था और उसके दो बच्चे थे।


