PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-माउंट आबू नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में मंगलवार को भाजपा के विशाल बंसल ने जीत दर्ज की। उन्हें 15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नासीर खान को 10 मत प्राप्त हुए।
वहीं, चुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी के रूप में कस्तूरी कंवर की जगह विशाल बंसल का नाम सामने आने के बाद राजपूतसमाज में नाराजगी खुलकर सामने आ गई। समाज के लोगों ने इसे अपने साथ धोखा बताते हुए भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।सुबह तक कस्तूरी कंवर का नाम था तय
मंगलवार सुबह तक उपाध्यक्ष पद के लिए कस्तूरी कंवर को भाजपा की दावेदार माना जा रहा था। लेकिन सुबह करीब 11 बजे नगर पालिका के नोटिस बोर्ड पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर विशाल बंसल का नाम सामने आया। नाम बदलने की जानकारी मिलते ही राजपूत समाज में विरोध शुरू हो गया।पति पालिका से कस्तूरी कंवर को घर ले गए
प्रत्याशी का नाम बदले जाने के बाद कस्तूरी कंवर के पति शैतान सिंह उन्हें नगर पालिका कार्यालय से घर ले गए। इसके बाद राजपूत समाज के लोग चुंगी नाके पर एकत्र हुए। यहां समाज के लोगों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और प्रत्याशी बदलने के फैसले पर नाराजगी जताई। समाज की ओर से इसे अपने साथ धोखा बताया गया।
भाजपा प्रत्याशियों की गाड़ी पहुंची तो फिर लगे नारे
विरोध का असर चुनाव के दौरान भी नजर आया। जब भाजपा प्रत्याशियों की गाड़ी नगर पालिका कार्यालय में प्रवेश कर रही थी, तब पोलो ग्राउंड से राजपूत समाज के लोगों ने भाजपा के विरोध में नारे लगाए। इसके बावजूद चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई और भाजपा प्रत्याशी विशाल बंसल को 15 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नासीर खान को 10 मत प्राप्त हुए।भाजपा ने कहा- पार्टी का अंदरूनी मामला
राजपूत समाज की नाराजगी को लेकर भाजपा अध्यक्ष सुनील आचार्य ने इसे सामान्य बात कहकर टाल दिया। वहीं, चुनाव प्रभारी आवड़ दान चारण और नरपत सिंह से जब इस नाराजगी के पंचायत चुनाव पर संभावित असर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कहा कि समाज की नाराजगी को दूर कर दिया जाएगा।


