
PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-माउंट आबू में शनिवार को मानसून ने जोरदार दस्तक दी। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 109.2 मिमी (साढ़े चार इंच) बारिश दर्ज की गई। इससे पहले पिछले 24 घंटों में 28.4 मिमी वर्षा हुई।
पर्यटक स्थल की नक्की झील ओवरफ्लो हो गई है। शहर के सभी नदी-नाले और बरसाती झरने उफान पर हैं। माउंट आबू में अब तक इस मौसम में कुल 645 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
शुक्रवार देर रात से रिमझिम बारिश का दौर जारी था। सुबह 4 बजे से बारिश की रफ्तार बढ़ गई। बारिश और धुंध के कारण वाहन ड्राइवरों को हेडलाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ रहा है।
शहर के मुख्य पेयजल स्रोत लोअर कोदरा बांध में भी पानी का स्तर बढ़ा है। 59 फीट की कुल क्षमता वाले इस बांध में 47 फीट पानी भर चुका है। केवल 12 फीट स्थान खाली है। अपर कोदरा बांध में 33 फीट की भराव क्षमता में से 23 फीट पानी आ चुका है। वर्तमान में यह बांध 10 फीट तक खाली है।


