माउंट आबू में युवक की हत्याः आपसी रंजिश में धारदार हथियार से किया हमला, 2 साथियों की हालत गंभीर
PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-माउंट आबू के चाचा म्यूजियम चौराहे के पास देर रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सनसेट रोड निवासी अजय मकवाणा (24) पुत्र किशोर कुमार मकवाना के रूप में हुई है।
इस घटना में अजय के दो साथी करण मेहरा और हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार यह विवाद पहले कहासुनी और मारपीट के रूप में शुरू हुआ, जो बाद में एक गंभीर वारदात में बदल गया।
पुलिस उप निरीक्षक गोमाराम चौधरी और निरीक्षक दलपत सिंह ने बताया कि पुलिस सभी आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, जानलेवा हमला और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटित गम्भीर अपराध की जांच के लिए पाली से एफएसएल की टीम माउंट आबू पहुंच चुकी थी ।
