मंडार-वरमाल ग्राम में कुएं में गिरे मां बेटा की मौत, 16 घंटे बाद निकाले शव
PALI SIROHI ONLINE
रेवदर (सिरोही)-सिरोही जिले के मंडार थाना इलाके में मां-बेटा 120 फीट गहरे कुएं में गिर गए। करीब 16 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF और सिविल डिफेंस टीम ने दोनों के शव निकाले। मृतका अलका के भाई ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।भाई ने बताया- अलका का पति देवाराम मारपीट करता था और ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। 17 मई को अलका का पति देवाराम घर आया और कहा अलका को पीहर ले जाओ वरना जान से मार दूंगा।
इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे परिवार के लोग अलका के ससुराल पहुंचे और समझाकर लौट आए। शाम करीब 5 बजे दूसरे भाई के पास अलका का फोन आया, जिसमें उसने चिल्लाते हुए कहा- मुझे ससुराल वाले जान से मार देंगे। इसके बाद हम दोनों भाई वहां पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग कुएं के पास खड़े थे।परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप थाना प्रभारी फगलू राम ने बताया- रविवार शाम को वरमान गांव में महिला अलका (28) और बड़े बेटे प्रतीक (4) के कुएं में गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर और सर्च शुरू किया गया। दोनों शवों को बाहर निकलवाकर रेवदर अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।
अलका की शादी 8 साल पहले देवाराम के साथ हुई थी। प्रतीक के अलावा एक साल का बेटा ललित है। पीहर पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पीहर पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।अंधेरा होने कारण रात को नहीं निकाले जा सके शव ग्रामीण नारायण माली ने बताया – परिजनों की सूचना पर करीब रविवार शाम करीब 6 बजे पुलिस टीम गांव पहुंची। पहले कुछ ग्रामीणों को कुएं के अंदर उतारा गया, लेकिन कुएं की गहराई में उनका दम घुटने लगा तो वो घंटे भर में बाहर आ गए।
इसके बाद शाम करीब 7.30 बजे एसडीएम राजन लोहिया मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर रात करीब 9 बजे सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने और कुएं की गहराई ज्यादा होने से सर्च शुरू नहीं हो सका। कुएं में मोटर लगाकर पानी निकलवाना शुरू किया, लेकिन पानी ज्यादा होने के कारण इसे भी रोकना पड़ा।
नारायण माली ने बताया- सोमवार सुबह 9 बजे SDRF की टीम गांव पहुंची और दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 10:45 बजे दोनों शव बाहर निकाले गए। इस दौरान एसडीएम राजन लोहिया, पूर्व विधायक जगसीराम कोली और पुलिस मौके पर मौजूद रही।
