PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
*भारतीय मजदूर संघ केवल श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ श्रम की प्रतिष्ठा स्थापित करने वाला संगठन है–केबिनेट मंत्री
भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राष्ट्र निर्माण, संगठन विस्तार एवं श्रमिक हितों पर हुआ मंथन
तखतगढ 2 अगस्त (खीमाराम मेवाडा) भारतीय मजदूर संघ, राजस्थान की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के समारोप दिवस के उद्घाटन सत्र का शुभारम्भ राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत तथा संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सी वी राजेश ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जोराराम कुमावत ने भारतीय मजदूर संघ द्वारा श्रमिकों के हितों के संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ केवल श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ श्रम की प्रतिष्ठा स्थापित करने वाला संगठन है।
उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं कौशल विकास के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को अस्थिर करने के प्रयास समय-समय पर होते रहे हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर श्रमिक वर्ग का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता एवं अनुशासन को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित होकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
बैठक के द्वितीय सत्र में प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी ने संगठन के आगामी प्रदेश अधिवेशन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही श्रमिक हितों की प्रभावी रक्षा का आधार है। उन्होंने सभी जिला एवं उद्योग संगठनों से अधिवेशन की तैयारियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री मुकेश सोलंकी ने आगामी 17 अगस्त को आयोजित राष्ट्रव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम के विषय बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि भारतीय मजदूर संघ देशभर में श्रमिकों की प्रमुख मांगों को सरकार के समक्ष रखेगा।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन में ईएसआईसी वेतन सीमा में वृद्धि, ईपीएफ वेतन सीमा बढ़ाने, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन में वृद्धि, बोनस पात्रता एवं गणना की वेतन सीमा बढ़ाने, योजना कर्मियों यथा आशा सहयोगिनी आंगनवाड़ी कार्य कर्ता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मिड डे मिल कुक कम हेल्पर ग्राम साथिन प्रबोधक जनता जल के कार्मिक बिजली विभाग कार्मिकों के मानदेय में वृद्धि, संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन, श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने, बैंकिंग क्षेत्र में पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा बढ़ाने तथा राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन निर्धारित करने सहित विभिन्न श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दे शामिल होंगे।
बैठक के मुख्य वक्ता भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री सी. वी. राजेश ने “विकसित भारत अभियान में भारतीय मजदूर संघ की भूमिका” विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि संगठित, जागरूक एवं राष्ट्रनिष्ठ समाज की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे श्रमिकों के बीच संगठन की विचारधारा का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करें तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, श्रमिक हितों के संरक्षण तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आगामी प्रदेश अधिवेशन तथा 17 अगस्त के राष्ट्रव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
यह बैठक भारतीय मजदूर संघ के मूल मंत्र “राष्ट्र हित, उद्योग हित एवं श्रमिक हित” को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं सार्थक सिद्ध हुई l
बैठक मे महेन्द्र सिंह आसोप, भगवत सिंह प्रमोद कुमार गिरी महिपाल सिंह राजपुरोहित, कृष्णपाल सिंह, प्रदीप गिरी सुमित अग्रवाल विशाल बोराणा संजय सुथार अजय रावल श्रवण कुमावत मोहित कुमार यशपाल माली हिमांशु परिहार सिद्धार्थ परिहार मयूर सोलंकी कुइया राम देवासी सुनील चौहान इंद्र सिंह हर्ष प्रजापत, इमरान खान कंचन मालवीय नीतू प्रवीणा कुमारी सुशीला सलीम खान सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थिति रहे l



