PALI SIROHI ONLINE
बाली के लुणावा सहित तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीएचसी NQAS प्रमाणित, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
पाली, 9 अगस्त2026/ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पाली के लिए गर्व का विषय है कि जिले के तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन (National Quality Certification) प्राप्त हुआ है।
हालांकि राष्ट्रीय स्तर से जारी NQAS प्रमाणित सूची में कुल 5 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीएचसी ही NQAS प्रमाणित हुई है। इनमें पाली जिले से रिकॉर्ड तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। जबकि एक नागौर जिले से तथा एक हनुमानगढ़ जिले से आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है।
सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी प्रमाणन के अनुसार पाली जिले से आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजोला कलां, लूणावा तथा भारुंदा को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रमाणित किया गया है।
उन्होंने बताया कि एनएचएसआरसी द्वारा जारी प्रमाणन के अनुसार इन तीनों चिकित्सा संस्थानों का जून माह में मूल्यांकन राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के आधार पर किया गया। मूल्यांकन के दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, संस्थागत प्रबंधन, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, रिकॉर्ड प्रबंधन, दवा उपलब्धता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, गैर-संचारी रोग प्रबंधन तथा अन्य गुणवत्ता मानकों का गहन परीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद इन संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया गया।
*ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती*
पाली/ एडिशनल सीएमएचओ डॉ जीतकुमार गुर्जर ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त होने से इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को सुरक्षित, व्यवस्थित, मरीज-केंद्रित और मानक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में और मजबूती मिलेगी। साथ ही यह उपलब्धि जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी गुणवत्ता सुधार की दिशा में प्रेरणादायक साबित होगी।
*गुणवत्ता सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास*
डिप्टी सीएमएचओ डॉ वेदान्त गर्ग ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पाली जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा विभाग लगातार प्रयासरत है। राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करना चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, एएनएम, आशा सहयोगिनियों तथा सभी स्वास्थ्यकर्मियों की टीम भावना, प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट कार्य का परिणाम है।
आरसीएचओ डॉ विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि चिकित्सा विभाग का उद्देश्य प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर और स्वास्थ्य संस्थान में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। आगामी समय में जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन दिलाने के लिए गुणवत्ता सुधार गतिविधियों को और गति दी जाएगी।
*राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन का महत्व*
डीपीएम भवानी सिंह ने बताया कि NQAS प्रमाणन स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और मानक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण सूचक माना जाता है। इस प्रमाणन से संस्थानों की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार होता है और आमजन का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास भी मजबूत होता है। पाली जिले के तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान जिले की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
*ये आयुष्मान आरोग्य मंदिर हुए सर्टिफाइड*
पाली/ सीएमएचओ डॉ विकास मारवाल ने बताया कि पाली जिले के 3 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक से सर्टिफाइड हुए हैं, इसमें से सोजत ब्लॉक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजोला कलां, बाली ब्लॉक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लुणावा तथा सुमेरपुर ब्लॉक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भारुंदा है, इन संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत प्रमाणित किया गया है।



