PALI SIROHI ONLINE
कोटा-धुलंडी पर होली खेलने के बाद नहाने गए तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई। नदी किनारे चप्पल और कपड़े मिलने पर गांव वालों को पता लगा। जिसके बाद बच्चों को नदी से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। तीनों के शव शाम को बाहर निकाले गए। दो सगे भाई-बहन थे। हादसा कोटा बपावर थाना क्षेत्र के उमरदा गांव का है।
हादसे में उमरदा गांव निवासी लखन मेहता (11), वंशिका उर्फ पपीता (8) पुत्र गुमान की मौत हो गई। दोनों सगे भाई-बहन थे। वहीं अभिषेक कुमार (14) पुत्र रामकुवार मेहता भी हादसे का शिकार हो गया। वंशिका कक्षा तीन, लखन कक्षा 6 और अभिषेक 9वीं कक्षा में पढ़ता था।
नदी किनारे मिले कपड़े और चप्पल
बपावरकलां थाना प्रभारी उत्तम सिंह ने बताया कि तीनों बच्चे होली खेलने के बाद गांव से करीब 200 मीटर दूर परवन नदी में नहाने गए थे। दोपहर 3 बजे के करीब अचानक डूब गए। नदी किनारे कपड़े और चप्पल मिलने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद बच्चों को नदी में तलाशना शुरू किया। सूचना पर सांगोद डीएसपी नरेंद्र नागर, खड़िया सरपंच रघुराज सिंह हाड़ा भी मौके पर पहुंचे।
माता-पिता के जाने पर नदी पर गए
थाना प्रभारी उत्तम सिंह ने बताया कि तीनों बच्चे धुलंडी खेलने के बाद घर में ही नहा लिए थे। माता-पिता ने घर में ही उन्हें खाना भी खिलवा दिया था। उसके बाद माता-पिता काम से कहीं चले गए। पीछे से तीनों बच्चे घर से बाहर निकलकर नदी के पास आ गए। नदी में किसी व्यक्ति ने फसल कर रखी थी। उसे कपड़े व चप्पल नजर आए। जिसके बाद घटना का पता लगा। करीब एक घंटे बाद तीनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
यह भी पढे