PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-कालन्द्री थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के 4 दिन बाद आरोपी युक्क समेत उसके भाइयों ने रविवार को लाठी व सरियों से पीड़िता पर प्राणघातक हमले का मामला सामने आया है। घायल महिला सिरोही अस्पताल में भर्ती है। महिला की रिपोर्ट पर कालंद्री पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कालंद्री थानाधिकारी उदय सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की ओर से एसपी को दिए परिवाद के आधार पर 24 अप्रैल को दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था।
महिला ने पडोसी युवक पर 19 अप्रैल को सुबह साढ़े 5 बजे शौच जाने के दौरान दुष्कर्म का आरोप लगाया। महिला व उसके पति के बयान हो गए थे। रविवार को दुष्कर्म के आरोपी समेत चचेरे भाइयों की ओर से महिला पर लाठी व सरियों से प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया है। हमले में घायल महिला को सिरोही अस्पताल में भर्ती किया है।
संयम लोढ़ा का ट्वीटः सीएम महिला सुरक्षा का ढिंढोरा पीटते फिर रहे, यहां अत्याचार
इधर, मामले में कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा ने मुख्यमंत्री भजनलाल के नाम ट्वीट कर भाजपा सरकार में महिला सुरक्षा पर सवाल उठाया है। लोढ़ा ने राजस्थान पुलिस, राजस्थान सरकार व अशोक गहलोत को टैग करते हुए ट्वीट किया। इसमें बताया कि 19 अप्रैल को महिला दुष्कर्म फिर 28 अप्रैल को पीडिता के घर पर हमला। कालंद्री थाने ने पहले दुष्कर्म का मामला दर्ज नही किया, फिर एसपी के हस्तक्षेप से हुआ। अभी तक पीड़िता के कोर्ट में 164 के बयान दर्ज नहीं, हौसले बुलंद होने से अपराधी लाठियों से लैस होकर पीड़िता के घर पर हमला कर लहुलुहान कर रहे हैं। आज हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ। राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल जी महिला सुरक्षा का ढिंढोरा पीटते फिरते हैं, जबकि महिलाओं की सुरक्षा सबसे बदतर राजस्थान में ही है।