PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-टोल को लेकर परिवार से मारपीट करने का मामला सामने आया है। टोलकर्मियों की ओर से डबल चार्ज जोड़कर रुपए लेने को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि टोलकर्मी मारपीट पर उतारू हो गए। बोलेरों कैंपर में सवार महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की।
घटना रविवार शाम 5 बजे की बताई जा रही है। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टोलकर्मी हाथ में लाठी, सरिया लेकर बोलरो कैंपर सवार परिवार को धमका रहे है। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामला जोधपुर ग्रामीण के ओसिया थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर बने टोल का है।
जानकारी अनुसार गुड़ामालानी क्षेत्र में रहने वाला परिवार ओसियां के पास पड़ासला गाला भोमियाजी के थान जा रहा था। भारतमाला हाइवे पर सिरमंडी टोल पर पहुंचे तो फास्टटैग में तकनीकी खामी की वजह से टोल शुल्क नहीं कटा। इस पर टोलकर्मियों ने डबल चार्ज जोड़कर रुपए मांगे। बोलेरो सवार लोगों का कहना था कि फास्टटैग में बैलेंस पड़ा है। उन्होंने रुपए देने से मना कर दिया तो टोलकर्मियों ने हाथापाई शुरू कर दी।
ओसियां के एसआई सुल्तान सिंह का कहना है कि पीड़ित परिवार धार्मिक स्थल पर दर्शन करने के लिए जा रहा था। इस दौरान पिछले टोल पर रोकड़ रुपए देकर टोल चुकाया था। सिरमंडी टोल पर जब टोलकर्मियों ने रोकड़ रुपए मांगे तो वह फास्टटैग से बैलेंस काटने पर अड़ गए। इस बात को लेकर विवाद हो गया, जिसमें टोलकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की।
वीडियो में टोलकर्मी धमकाते दिखे
घटना के बाद रविवार देर रात पीड़ित रघुनाथ राम ने टोल के दस-बारह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी जीवन राम पुत्र केशुराम सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टोलकर्मी बोलेरों ड्राइवर और अन्य यात्रियों को धमकाते हुए नजर आ रहा है। इस दौरान दशहत फैलाने के लिए लोहे के सरिया हाथ में लेकर धमकाता हुआ नजर आ रहा है। आरोपी का एक माफी मांगते हुए का भी वीडियो सामने आया है।