• April 21, 2026

मारपीट से आहत टैक्सी ड्राइवर ने किया सुसाइड: परिवार बोला- पांच लोगों ने घूमने के बहाने बुलाया था; घर आकर बताई थी आपबीती

PALI SIROHI ONLINE

जोधपुर-जोधपुर में मारपीट से आहत एक टैक्सी ड्राइवर ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। टैक्सी ड्राइवर को परिचितों ने सुबह रिक्शा लेकर बुलाया था, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने उसे जबरदस्ती शराब भी पिलाई और जान से मारने की धमकी दी।

परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना और खौफ के कारण युवक ने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। पुलिस ने मृतक की बहनों की रिपोर्ट पर पांच आरोपियों के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

महामंदिर थानाधिकारी (प्रशिक्षु आरपीएस) नवनीत कौर ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर सभी पांच आरोपियों के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने और सामूहिक रूप से अपराध को अंजाम देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

घूमने के बहाने बुलाकर मारपीट की

नागौर के डेगाना स्थित टकीपुरा निवासी आशा सांसी पुत्री कैलाश और भदवासिया निवासी निशा पुत्री दीपक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि उनका भाई सचिन पुत्र कैलाश भदवासिया गली नंबर 7 में रहता था। टैक्सी चलाकर अपना गुजर-बसर करता था। सचिन के माता-पिता का निधन उसके बचपन में ही हो गया था। इसके बाद से वह अपने ननिहाल में ही रहा था। निशा ने उसे अपनाधर्म भाई माना था।

परिजनों के अनुसार- 19 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे आरोपी दीपक और राजेंद्र ने सचिन को फोन किया। उन्होंने उसे अपना रिक्शा लेकर आने को कहा ताकि वे सभी बैठकर घूमने जा सकें। सचिन विश्वास करते हुए वहां पहुंच गया। तब दीपक, राजेंद्र, अर्जुन, करीना और चमेली ने उस पर हमला कर दिया। लात-घूंसों के साथ-साथ किसी नुकीली धातु (क्लिप) से उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोट आईं। मारपीट के दौरान आरोपियों ने सचिन को जबरदस्ती शराब पिलाई और जान से मारने की धमकी दी थी।

घर लौटकर आपबीती बताई थी

घायल हालत में सचिन किसी तरह अपने घर पहुंचा और अपनी मामी मीरा पत्नी देवाराम और ममेरी बहन सीता पुत्री देवाराम को घटना की जानकारी दी।

उसने बताया कि दीपक, राजेंद्र, अर्जुन, करीना और चमेली ने उसके साथ मारपीट की है और उसे जान का खतरा है। घटना से सचिन इतना डर गया और प्रताड़ित महसूस करने लगा कि उसने 19 अप्रैल को खुद को कमरे में बंद कर लिया और सुसाइड कर लिया।

You cannot copy content of this page