• April 4, 2026

नाम-पहचान बदलकर फरारी काट रहा था तस्करः 2 महीने से पुलिस को दे रहा था चकमा, 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

PALI SIROHI ONLINE

जोधपुर-जोधपुर पुलिस ने 3 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस थाना राजीव गांधी नगर में एनडीपीएस एक्ट में वांछित था। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपी की पहचान रामनिवास विश्नोई (44) पुत्र देवाराम विश्नोई के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। पूछताछ में खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी रामनिवास विश्नोई (44) पीथावास, पुलिस थाना डांगियावास, जिला जोधपुर पूर्व का रहने वाला है। 17 फरवरी को प्रतापनगर सदर पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि तुलसी कॉलोनी में पूनाराम विश्नोई अपने घर में अवैध डोडा पोस्त व अफीम का दूध रखता है।

2 महीने से फरार था आरोपी

पुलिस के अनुसार, तुलसी कॉलोनी स्थित दाधिच किराणा स्टोर के पास पूनाराम के मकान पर पहुंच तलाशी ली गई तो पूनाराम के पास से 933 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा और 59 ग्राम अफीम का दूध पाया गया। जिस पर पूनाराम को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। मुल्जिम पूनाराम ने पूछताछ में उक्त अवैध मादक पदार्थ रामनिवास विश्नोई से खरीदना बताया। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बार बार जगह बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा

पुलिस के अनुसार, इस मामले में रामनिवास विश्नोई करीब 2 माह से फरार था। आरोपी जगह बदल-बदल कर फरारी काट रहा था। आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस थाना राजीव गांधी नगर व पुलिस थाना डांगियावास टीम की संयुक्त कार्यवाही में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

About The Author

You cannot copy content of this page