PALI SIROHI ONLINE
जयपुर-जयपुर में लुटेरों की गैंग एक्टिव है, जिसके बदमाश पुलिस बनकर लोगों को लूट रहे हैं। इन लुटेरों ने जयपुर में शुक्रवार सुबह 45 मिनट में चार लोगों को लूट लिया। चारों वारदात जयपुर के रिहायशी इलाकों आदर्श नगर, जवाहर नगर, मोती डूंगरी और अशोक नगर में की गई। चारों जगह बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया गया और उनसे लाखों के गहने लूट लिए गए।
सुबह करीब 6.45 से 7.30 बजे हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। अब पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी खंगालने के साथ ही गैंग के बदमाशों की तलाश कर रही है।
पहली वारदात – आदर्श नगर
आदर्श नगर थाने में विजयपथ तिलक नगर निवासी डॉ. विभा खरे (68) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया- शुक्रवार सुबह करीब 6.45 बजे मॉर्निंग वॉक पर गई थीं। राजा पार्क में परनामी मंदिर चौराहे से ध्रुव मार्ग की ओर मुड़ी थी। पीछ से 20-25 साल के लड़के ने आकर रोका। बोला- आपको पुलिसवाला बुला रहा है। कुछ दूरी पर 40-45 साल का व्यक्ति खड़ा था।
कुछ दूरी पर खड़े व्यक्ति के पास पहुंची तो वो बोला- मैं पुलिस अधिकारी हूं। रात को यहां मर्डर हो गया, इसलिए नाकाबंदी है। बहुत खतरा है, अपने गहने उतारकर रख लो। पुलिस अधिकारी के कहने पर डायमंड के जड़े सोने के कंगन और सोने का मंगलसूत्र उतार दिया। फिर जैसे ही रखने लगी तो बाइक सवार बदमाश छीनकर भाग निकला।
दूसरी वारदात – जवाहर नगर राजापार्क गली नंबर-6 निवासी सुशील अरोडा (62) के साथ वारदात हुई। सुबह करीब 7 बजे वह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। राजापार्क में मनीष कार बाजार के सामने पहुंची थी। यहां बाइक सवार दो व्यक्तियों ने रोका। पुलिसकर्मी होने का बताकर डरा-धमकाया। हाथों में पहनी सोने की चार चूड़ियां, सोने की अंगूठी और चांदी की 3 अंगूठी उतरवा ली। बांध के देने की कहकर सोने-चांदी के गहने ले लिए। फिर नजर बचाकर सोने जैसी दिखने वाली नकली चुड़ियां देकर फरार हो गए।
तीसरी वारदात – मोतीडूंगरी
मोतीडूंगरी थाने में आदर्श नगर जवाहर नगर निवासी शशि गोलेच्छा (58) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सुबह पूजा पाठ के लिए वह दादाबाड़ी जैन मंदिर गई थीं। सुबह करीब 7:20 बजे पैदल घर लौट रही थीं। नायला हाऊस के सामने बाइक सवार दो व्यक्तियों ने उन्हें रोका। खुद को पुलिसकर्मी बताकर सोने की चार चूड़ियां उतरवाई। फिर छीनकर सांगानेरी गेट की तरफ भाग निकले।
चौथी वारदात अशोक नगर
अशोक नगर इलाके में सी-स्कीम निवासी कांता अग्रवाल (64) के साथ वारदात हुई। सुबह करीब 7:30 बजे वह मंदिर जाने के लिए निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर ही एक आदमी ने आवाज लगाकर उन्हें रोका। लूट का खतरा बताकर गहने पेपर में लपेटकर अंदर रखने के लिए कहा। हाथों में पहने सोने के दोनों कड़े उतारने पर बदमाश छीनकर भागा। शोर मचाने पर बाइक सवार साथी के साथ बैठकर फरार हो गया।
एडिशनल डीसीपी (ईस्ट) आशाराम चौधरी ने बताया- पुलिसकर्मी बनकर वारदात करने वाले बदमाश ईरानी गैंग की है। शहर भर में ईरानी गैंग के बदमाशों ने कई वारदात की है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर पूरे मामले को खुलासा कर दिया जाएगा।
यह भी पढे