PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर. रंगों का त्योंहार होली के दूसरे दिन शहर में आज धुलंडी पर्व उत्साह से मनाया जा रहा है। रंग बिरंगे गुलाल और पानी की बौछारों के बीच युवा खूब झूमे। सुबह से यह सिलसिला जारी है। शहर के लोग एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की खुशियां बांट रहे हैं। शहर में रंगों के त्यौहार की मिठास हर तरफ नजर आ रही है। लोगों ने एक-दूसरे के घरों में जाकर पर्व की शुभकामनाएं भी दी।
होली के त्यौहार में युवाओं की टीम सबसे आगे नजर आ रही है। युवाओं की टीम ने जमकर धमाल मचाया। हुरियारों की टीम ने एक-दूसरे पर जमकर रंग उड़ाया। धुलंडी पर लोगों ने जमकर रंग और गुलाल से होली खेली तो गेरियों ने बच्चों की ढूंढ करवाकर नृत्य किया।
वहीं शाम को विभिन्न मंडलियों की और से गैर निकाली जाएगी। जिसमें शहर के लोग उत्साह से हिस्सा लेंगे। भीतरी शहर के गंगश्यामजी मंदिर में होली को लेकर लोगों ने कुंजबिहारी के दर्शन कर खुशहाली की कामना की। यहां पर ठाकुरजी को गुलाल से होली खिलाने की परम्परा है।
इससे पूर्व रविवार की रात शहर में कई जगहों पर होलिका दहन हुआ। नागौरी गेट पर हाथ में प्रहलाद को लिए हुए घूमर करती होलिका भी आकर्षण का केंद्र रही। इस बार होली की अग्नि को देखकर लोगों ने सुकाल की उम्मीद जताई।