PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर जिले में चौकड़ी गांव के एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। जिले के बोरुंदा थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव में रविवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच यह हादसा हुआ। सुमन (12) पिता भिया, रेखा (16) पिता नाथूराम और प्रवीण (8) पिता महेंद्र चचेरे भाई-बहन थे।
परिजनों के अनुसार- तीनों बच्चे घर से खेत जाने के लिए निकले थे। खेत पहुंचने पर छोटे भाई प्रवीण को प्यास लगी और वह पानी पीने के लिए डिग्गी के पास गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गया। प्रवीण को डूबता देख उसकी चचेरी बहनें सुमन और रेखा उसे बचाने के लिए तुरंत डिग्गी में कूद गईं। डिग्गी में पानी गहरा होने के कारण तीनों ही डूब गए।
इस घटना से तीन दिन पहले ही प्रवीण की मां का आकस्मिक निधन हुआ था। परिवार शोक में डूबा था। अब तीन मौतों ने परिजनों को झकझोर दिया।
थाना अधिकारी सुजानाराम ने बताया- जहां हादसा हुआ है, वहां मूंग की खेती की हुई है। खेत में ही पानी की डिग्गी के पास पीने के पानी का पाइप लगा हुआ था। वहां पानी पीने बच्चा गया था। इसी दौरान प्रवीण डिग्गी में गिर गया। प्रवीण को बचाने में उसकी दो बहनों की भी मौत हो गई।घटना के समय कोई परिजन नहीं होने से बच नहीं सके बच्चे
हादसे के बाद भिया (35) पुत्र भैराराम चौकीदार बावरी निवासी चौकड़ी खुर्द ने पुलिस थाना बोरुंदा में रिपोर्ट पेश की। इसमें बताया- मेरी बेटी सुमन, भाई नाथूराम की बेटी रेखा और छोटे भाई महेंद्र का बेटा प्रवीण हमारे शामलाती खेत में बने पानी के होदे पर पानी पीने गए थे। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बच्चों को समय पर सहायता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों बच्चों के शव डिग्गी से बाहर निकाले। शवों को पीपाड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक है। इस हादसे ने खेतों में बनी खुली पानी की डिग्गियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

