PALI SIROHI ONLINE
जालोर-पंचायती राज चुनाव 2026 के दौरान जालोर पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुजरात में शराब तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी को दस्तयाब किया है। आरोपी की पहचान तवाव निवासी कांतिलाल उर्फ रोहित उर्फ विजयसिंह उर्फ प्रवीण उर्फ नारायण उर्फ प्रिंस सैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह गुजरात में शराब तस्करी के एक बड़े गिरोह का मुख्यसूत्रधार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी ललिता सैन को ग्राम पंचायत तवाव से सरपंच पद का प्रत्याशी बनाकर चुनाव में सक्रिय था। 30 अक्टूबर को मतगणना के दौरान वह पत्नी के मतगणना एजेंट के रूप में मौजूद था। इसी दौरान रामसीन थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रिटर्निंग अधिकारी से अनुमति लेकर उसे डिटेन कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृत्ताधिकारी भीनमाल शंकरलाल के सुपरविजन में रामसीन थानाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने गुजरात के पंचमहल जिले के हलोल ग्रामीण थाने में दर्ज शराब तस्करी के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ा। बाद में उसे गुजरात पुलिस के स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी), गांधीनगर के हवाले कर दिया गया।
छह अलग-अलग नामों से दे रहा था चकमा
पुलिस के अनुसार आरोपी का मूल नाम कांतिलाल पुत्र रतिलाल सैन है। वह कई वर्षों से गुजरात में अवैध शराब तस्करी के कारोबार में सक्रिय था। उसके खिलाफ राजस्थान और गुजरात में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपी अलग-अलग नाम और पहचान का इस्तेमाल कर पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस के अनुसार उसके अन्यनाम रोहित पुत्र रतनलाल सोलंकी, प्रवीण नारायण अन्दोजी, विजयसिंह चौहान, प्रवीण पुत्र नारायण और प्रिंस पुत्र रतनलाल सैन हैं।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई में रामसीन थानाधिकारी अरविंद कुमार, जिला साइबर सेल के हेड कांस्टेबल किशनलाल (विशेष भूमिका), हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल गणपत सिंह और कांस्टेबल जयंतिलाल सहित पुलिस टीम शामिल रही।




