PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/महावीर मेवाडा
जालोर-जालोर में महिला ने अपने छह महीने के बेटे को रेलवे ट्रैक के पास छोड़कर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर फट गया और हाथ-पैर टूट गए। महिला के शव को ट्रेन से स्टेशन पहुंचाया गया। वहीं, रोते हुए बच्चे को लोगों ने संभाला।
एक दिन पहले महिला के साथ पति ने मारपीट की थी। इस बारे में भाई को फोन कर बताया था। रविवार सुबह भाई ससुराल पहुंचा था। समझाने के बाद बेटे को दवाई दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी।
घटना रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे बागरा थाना क्षेत्र में बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच हुई। सुसाइड के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।
हॉस्पिटल जाने की बात कहकर घर से निकली
कोतवाली थाने के ASI मांगीलाल ने बताया – भागली सिंघलान गांव निवासी भावना (33) पत्नी डूंगाराम मेघवाल के 6 महीने पहले बेटा हुआ था। बेटे आर्यन की तबीयत खराब होने पर रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से हॉस्पिटल जाने के लिए निकली थी।
बेटे को नीम के पेड़ के नीचे बैठाया, ट्रेन के आगे कूदी
एएसआई ने बताया- रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे जालोर कोतवाली थाना क्षेत्र में बागरा और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच भावना ने साबरमती से जोधपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। घटना से पहले उसने अपने बेटे को रेलवे पटरी से कुछ दूरी पर नीम के पेड़ की छांव में बैठा दिया था। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर फट गया। वहीं हाथ-पैर टूट गए। गंभीर हालत में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सुसाइड के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
एएसआई मांगीलाल ने बताया घटना के बाद महिला के शव को ट्रेन से जागनाथ रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। वहीं महिला के बेटे को साथ ले जाया गया। रेलवे कर्मचारियों ने शव को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव जालोर के सामान्य चिकित्सालय की मॉर्च्यूरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सुसाइड के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक दिन पहले पति ने की थी मारपीट
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भावना की करीब 8 साल पहले आटा-साटा में डूंगाराम मेघवाल के साथ शादी हुई थी। एक ढाई साल की बड़ी बेटी है। शनिवार (19 सितंबर) शाम को आपसी विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी मिलने पर बागरा गांव से भावना का भाई रविवार सुबह उसे समझाने के लिए ससुराल पहुंचा था। बहन के कहने पर भाई वापस अपने गांव लौट गया। इसके बाद भावना बेटे की तबीयत खराब होने की बात कहकर घर से निकली थी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।


