PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में बाइपास रोड पर झाड़ियों में पोस्ट ऑफिस एजेंट जलता हुआ मिला। लोगों ने कपड़ा डालकर आग बुझाई। युवक को जालोर जिला हॉस्पिटल ले जाया गाय, जहां से उसे जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हॉस्पिटल में एजेंट ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 3 युवक मुंह पर रुमाल बांधकर आए थे। उन्होंने मेरे ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेगी
झाड़ियों में आग की लपटों में घिरा था युवक
डीएसी गौतम जैन ने बताया- आहोर बाइपास रोड पर बुधवार सुबह 10.30 बजे झाड़ियों में एक युवक आग की लपटों में घिरा हुआ था। वहां से गुजर रही गाड़ियों में सवार कुछ लोगों ने उसे देखा तो मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने कपड़ा डालकर आग बुझाई और एंबुलेंस को सूचना दी।
युवक को इलाज के लिए जालोर जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां से उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। सूचा पर ASP मोटाराम गोदारा, कोतवाली पुलिस और एमओबी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर सबूत जुटाए।
पोस्ट ऑफिस में प्राइवेट एजेंट था
डीएसपी ने बताया- युवक की पहचान जालोर शहर के लालपोल के अंदर ठाकुरद्वारा के पास रहने वाले युनूस खान (40) पुत्र अशरफ खान के रूप में हुई। युनूस पोस्ट ऑफिस में एजेंट का काम करता था। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे युनूस के बयान दर्ज किए, जिसमें उसने बताया कि नकाबपोश 3 युवकों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
डॉक्टर बोले- 80 परसेंट झुलसा हुआ था
जालोर जिला हॉस्पिटल के डॉ. विजय मीणा ने बताया- युवक 80 परसेंट तक झुलसा हुआ था। उसका चेहरा, पेट, पीठ, हाथ और पैर झुलस गए थे। कपड़े जलकर शरीर पर चिपक गए थे। गंभीर हालत में उसे जोधपुर रेफर कर दिया।
पड़ोसी ने बताया- मोबाइल घर में मिला
युनूस के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया- युनूस लंबे समय से पोस्ट ऑफिस की वीरमदेव ब्रांच में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। पत्नी 4-5 साल से मानसिक रूप से बीमार है, जिसका इलाज जोधपुर में चल रहा है। युनूस का मोबाइल उसी के घर में मिला।


