PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-जालोर जिले में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा सांचौर थाना क्षेत्र में धानता गांव के पास शाम 7 बजे हुआ।
सांचौर थानाधिकारी नेमाराम ने बताया- बाइक सवार चारों लोग दीपावली मनाने अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान धानता गांव में तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जीयाराम धेतरवाल (65) निवासी पुर, रामलाल सियाक (50)
निवासी डावल और 8 वर्षीय कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, शामी नाम की महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सांचौर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गुजरात के पालनपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।
शामी अपने ससुर जीयाराम, पिता रामलाल और बेटे कुलदीप के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर पुर जा रही थी।
ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सांचौर थाना पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इस दौरान मौके पर समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने को लेकर भी सवाल उठे।
तीनों मृतकों के शव सांचौर अस्पताल की मोच्र्युरी में रखवाए गए। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।




