PALI SIROHI ONLINE
जालोर-हलवाई कैटरिंग व्यवसाय सेवा समिति, जालोर ने खाद्य सुरक्षा विभाग की अव्यावहारिक एवं व्यापार विरोधी नीतियों के विरोध में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नाम एडीएम को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में बताया कि जालोर में छोटे स्तर पर 5 से 10 लोगों के लिए भोजन तैयार करने पर भी लाइसेंस की अनिवार्यता बताई जा रही है।इसके अलावा खाद्य सामग्री के उपयोग के लिए अलग-अलग लाइसेंस एवं अनेक दस्तावेजों की मांग की जा रही है, जिससे छोटे व्यवसायियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरोप है कि निरीक्षण के दौरान स्पष्ट दिशा-निर्देश देने के बजाय व्यापारियों पर दबाव बनाया जाता है और कार्रवाई का भय दिखाया जाता है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
नियमों का सरलीकरण करने की मांग
समिति ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि छोटे स्तर के हलवाई एवं कैटरिंग व्यवसायियों के लिए नियमों का सरलीकरण किया जाए, अनावश्यक लाइसेंस एवं दस्तावेजों की अनिवार्यता समाप्त की जाए और खाद्य सुरक्षा विभाग को व्यापारियों के साथ सहयोगात्मक और पारदर्शी व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही हलवाई एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान कराने की भी मांग की गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में हलवाई एवं कैटरिंग व्यापारी मौजूद रहे।


