PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में भारतमाला एक्सप्रेसवे के ब्रिज के नीचे रविवार शाम सड़क हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई।
मेड़ा से सांचौर की ओर जा रहा पानी की बोतलों से भरा ट्रक सामने से आ रही बोलेरो को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ब्रिज से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में फंसे ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि साथ में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीररूप से घायल हो गया। हादसा बागोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ।केबिन में फंसने से ड्राइवर की मौत
पुलिस के अनुसार, सांचौर क्षेत्र के डेडवा निवासी करीब हनुमाना राम (40) ट्रक चला रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही बागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को सांचौर हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
एक अन्य व्यक्ति गंभीर घायल
हादसे में ट्रक में सवार एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी हालत फिलहाल गंभीर है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बोलेरो को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हुआ था। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी है।


