PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में दुर्ग तक जाने वाले रास्ते पर स्थित गोगाजी मंदिर में मूर्ति तोड़ने का मामला सामने आया है। नाराज हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से 7 दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पवनपुरी महाराज ने 7 दिन में समाधान नहीं होने पर कलेक्ट्रेट के सामने समाधि लेने की चेतावनी दी है।दरअसल, जालोर दुर्ग जाने वाले मार्ग पर ध्रुव पोल के पास स्थित प्राचीन गोगाजी मंदिर में स्थापित प्रतिमा को खंडित करने और मंदिर को क्षतिग्रस्त करने के मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। लेकिन इसके बाद भी काफी दिनों के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सनातन धर्म सेवा एवं संवर्धन संस्थान और विश्व हिंदू परिषद, जालोर के नेतृत्व में एएसपी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। हिंदू संगठनों ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए तो हिंदू समाज आक्रोशित होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर जालोर भैरूनाथ अखाड़े के शेरनाथ, स्वर्णभारती महाराज (मलकेश्वर मठ), पवनपुरी महाराज, मांगीलाल कच्छवाह, मंगनाराम गहलोत, गमनाराम सुन्देशा, सुनील शर्मा, लालजी घांची, पुखराज सुन्देशा, मोहन लोहार, विक्रम भारती, नंदलाल खटीक, संदीप मेघवाल, दिलीप सुन्देशा, हेमेंद्र सेन, तेजाराम, दलपत सिंह आर्य, बंसीलाल सोनी और विश्व हिंदू परिषद के प्रवीण सिंह नाथावत, महेंद्र कुमार और धीरेन सुन्देशा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

