PALI SIROHI ONLINE
जालोर में गणपत सिंह माडोली हत्याकांड के खिलाफ चल रहे धरने में पहुंचे विधायक रविंद्र सिंह भाटी, कार्रवाई नहीं होने पर महापड़ाव की चेतावनी
जालोर/मांडोली (दलपतसिंह भायल )
गणपत सिंह मांडोली हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर चल रहा धरना लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को धरने के छठे दिन शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उनकी पीड़ा जानी। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन एवं राज्य सरकार पर कड़ी नाराज़गी जताई।
भाटी ने कहा कि 15 महीने बीत जाने के बाद भी हत्यारों का पता नहीं लगना पुलिस की बड़ी नाकामी है। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो जालोर में महापड़ाव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
धरने पर बैठी मृतक गणपत सिंह की पत्नी भारती कंवर, 80 वर्षीय वृद्ध मां, बच्चों व परिजनों का दर्द देख विधायक भाटी ने कहा कि परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है, लेकिन जांच अभी भी ठोस दिशा में नहीं बढ़ी है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत स्पेशल टीम गठित कर आरोपी पकड़ने के निर्देश देने की मांग की। हत्याकांड के जल्द खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़ित परिवार ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
