• March 12, 2026

जालोर में सिलेंडर के साथ कांग्रेस का विरोध- प्रदर्शनः जिलाध्यक्ष बोलीं-शादी समारोहों के लिए भी नहीं मिल रही गैस

PALI SIROHI ONLINE

विक्रमसिंह पचानवा

जालोर-रसोई गैस को लेकर जालोर में कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के सामने पुतला फूंककर प्रदर्शन किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने कहा- सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दी गई हैं। रसोई गैस की किल्लत है। यहां तक कि शादी समारोहों के लिए भी कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में ईंधन का संकट हो गया है।जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने बताया-गुरुवार दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी की। उन्होंने पुतला जलाकर विरोध जताया। साथ ही मांग रखी कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पर्याप्त और आसानी से मिलें। साथ ही सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें वापस ली जाएं।

जिलाध्यक्ष बोलीं-देश में ईंधन संकट

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने कहा-

ईरान-इजराइल-अमेरिका के युद्ध के दौर में केंद्र सरकार की विदेश नीति नाकाम रही। इसी कारण देश में ईंधन का संकट हो गया है। सरकार ने आमजन पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। घरेलू सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया। इसके बावजूद आपूर्ति सुनिश्चित नहीं।

शादी के सीजन में विवाह समारोह तक के लिए कर्मशियल सिलेंडर नहीं दिए जा रहे हैं। सरकार सिलेंडर के दाम घटाए और आपूर्ति सुचारु कर आमजन को राहत दे।

स्थानीय मुद्दे भी उठाते हैं..

कांग्रेस जिलाध्यक्ष से जब पूछा कि जिला कांग्रेस कमेटी शहर में सीवरेज, सुंदेलाव तालाब और खराब सड़कों के मुद्दे पर इतनी मुखर क्यों नहीं होती? इस पर जिलाध्यक्ष ने कहा-समय समय पर हम स्थानीय मुद्दे भी उठाते हैं।

जब भी कोई ज्ञापन दिया जाता है तो स्थानीय मुद्दे शामिल कर सरकार-प्रशासन के सामने मांग रखी जाती है।

गणपत सिंह हत्याकांड को लेकर चल रहे धरने में पहुंचे

जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस नेता-जनप्रतिनिधि गणपत सिंह हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर चल रही भूख हड़ताल और धरने में शामिल होने धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने परिजन को समर्थन देने की बात कही। इसके बाद कलेक्टर-एसपी से मिलकर धरने पर बैठे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

इस दौरान पूर्व पीसीसी सदस्य सवाराम चौधरी, महेन्द्र सोनगरा, पुखराज माली, रमेश सोलंकी, खसाराम, जाकिर खान, विरेन्द्र जोशी, गीताश्री मेघवाल, सुरेश, भोमाराम, बसन्त सुथार, मुमताज़ अली व जुबेदा बानू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

About The Author

You cannot copy content of this page