PALI SIROHI ONLINE
जालोर-होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य और हेल्थ विभाग की टीमें अलर्ट हैं। त्योहार पर मिलावटी मिवाई और खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। चिकित्सा और खाद्य सुरक्षा दल ने गुरुवार को मिठाई की दुकानों से सैंपल जुटाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी ने बताया- होली के अवसर पर मिठाइयों, मावा, घी, रंगीन मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले भर में मिठाई की दुकानों एवं थोक विक्रेताओं को सामान की चेकिंग कर नमूने ले रहे हैं।
गुरुवार को शहर में गुप्ता स्वीट्स एंड जलपान गृह से मीठा मावा, गायत्री स्वीट होम से रसगुल्ला ओर मीठा मावा, लहरिया स्वीट एंड केटर्स से कलाकंद के नमूने लिए गए।
नमूनों को जांच के लिए जनस्वास्थ्य प्रयोगशाला भिजवाया गया है, जांच रिपोर्ट में मिलावट या मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा दल द्वारा मिठाई विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ढंके हुए खाद्य पदार्थ ही विक्रय करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही सामग्री का उपयोग करें। आमजन से भी अपील की गई है कि वे खुली एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री खरीदने से बचें और किसी भी प्रकार की मिलावट की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग को करें।

