PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर की भीनमाल तहसील के दांतीवास पटवार हल्के में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में एसीबी ने पटवारी ललिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसीबी की ओर से रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें पटवारी द्वारा 10 हजार रुपए की मांग करना सामने आया। हालांकि, एसीबी कार्रवाई की भनक लगने से वह रिश्वत की रकम प्राप्त नहीं कर सकी।एसीबी के अनुसार, परिवादी ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत की थी। परिवादी ने बताया कि उसके दादाजी की मृत्यु के बाद फौतगी म्यूटेशन एवं भू-अधिकार हकत्याग म्यूटेशन भरने के एवज में पटवारी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। इसके बाद परिवादी ने एसीबी जालोर के एएसपी के समक्ष लिखित शिकायत भी दी।
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी रेंज जोधपुर की एसपी पीडी नित्या के सुपरविजन में एएसपी एसीबी जालोर मांगीलाल राठौड़ ने तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी। रिपोर्ट के आधार पर एसीबी मुख्यालय जयपुर ने पटवारी ललिता के खिलाफ प्रकरण संख्या 234/2026 दर्ज किया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है।


