PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में सास से नाराज दामाद ने उसकी नाक काट दी। आरोपी हमला करने के बाद नाक का कटा हिस्सा लेकर भाग गया। ससुर का आरोप है कि दामाद ने कैंची से हमला किया था।
पुलिस को दी रिपोर्ट में ससुर ने बताया कि आरोपी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। घटना जिले के सरवाना थाना क्षेत्र में शनिवार शाम 5 बजे की है।
विवाद के कारण अलग रह रही है पत्नी
पुलिस के अनुसार भीमगुड़ा के जंभेश्वर नगर प्रभाणियों की ढाणी निवासी सोहनलाल पुत्र भंवरलाल कड़वासरा की शादी करीब 6 साल पहले डूंगरी के केआर बंधा कुआं निवासी बाबूलाल खीचड़ की बेटी सरिता से हुई थी।
यह शादी आटा-साटा के आधार पर हुई थी। करीब एक साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते सरिता पति से अलग रह रही थी। इस मामले को लेकर सामाजिक स्तर पर पंचायती भी हुई थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।रिपोर्ट देने जा रही थी, रास्ते में हमला
मेहसाणा (गुजरात) हॉस्पिटल में एडमिट कैली देवी ने बताया कि कई दिनों से परिवार में तनाव चल रहा था। शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे घर में काफी झगड़ा हुआ था।
झगड़े से परेशान होकर दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सरवाना थाने जा रही थी। शाम करीब 5 बजे पुलिस थाने के रास्ते में सोहनलाल ने हमला कर दिया। उसने कैंची से नाक काट दी। हमले के बाद वह कटी हुई नाक अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया।
सास पर लगाए थे आरोप
घटना के बाद गंभीर घायल कैली देवी को पहले सांचौर के सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से घायल को परिजन गुजरात के मेहसाणा हॉस्पिटल ले गए।
सरवाना सीआई मोहनलाल कुमावत ने बताया कि आरोपी सोहनलाल पारवारिक विवाद के लिए सास को जिम्मेदार मानता है। उसने पहले भी आरोप लगाए थे कि कैली देवी उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काती है।

