PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के भाद्राजून थाना क्षेत्र के नोरवा गांव और आसपास के इलाकों में चोरी की बढ़ती वारदातों से नाराज ग्रामीण पुलिस चौकी के बाहर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे हैं। सोमवार को दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहा। ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे।
एक ही रात में हुई थी 3 घरों में चोरी
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले रविवार को नोरवा गांव में एक ही रात में तीन घरों के ताले टूटे थे। चोरों ने ओमसिंह पुत्र चंद्रभातसिंह, बाबूसिंह पुत्र रामचंद्र और सुरेश पुत्र अमर सिंह के घरों को निशाना बनाया। घरों से दो सोने की अंगूठियां, करीब 400 ग्राम चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपए नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि रिपोर्ट देने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
वारदातों का खुलासा नहीं होने पर धरना
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नोरवा सहित आसपास के गांवों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस पुरानी वारदातों का भी खुलासा नहीं कर पा रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों को पकड़ने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
सीआई लालराम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे धरना समाप्त करने पर सहमत नहीं हुए। उनका कहना है कि चोरी की घटनाओं का खुलासा होने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।




