PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में ड्यूटी पर जा रहे एडीएम के ड्राइवर गणपतसिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर घायल होने के बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप।
ड्यूटी के लिए निकले थे
बिशनगढ़ निवासी राणसिंह ने रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता गणपतसिंह (57) पुत्र देवी सिंह, एडीएम राजेश मेवाड़ा की गाड़ी चलाते थे। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वह बाइक से बिशनगढ़ से जालोर ड्यूटी के लिए निकले थे।
पहाड़पुरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान मौत
घायल गणपतसिंह को एम्बुलेंस से जालोर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें पालनपुर रेफर किया गया। इलाज के लिए ले जाते समय सिरोही के पास उनकी मौत हो गई।
शाम करीब 5 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि जालोर अस्पताल में प्राथमिक उपचार तक नहीं किया गया और सीधे रेफर कर दिया गया। उनका कहना है कि रास्ते में अधिक खून बहने से उनकी मौत हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

