PALI SIROHI ONLINE
गोरिया ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच बबली देवी ने संभाली जिम्मेदारी, गांव के विकास को लेकर जताया संकल्प
बाली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गोरिया में नवनिर्वाचित सरपंच बबली देवी मिठाराम गरासिया ने गांव के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है। सरपंच के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से गांव को विकास की नई दिशा देने का संकल्प जताया।
इस दौरान उपसरपंच वक्ताराम और ग्राम विकास अधिकारी मालम सिंह राणावत भी मौजूद रहे।
सरपंच बबली देवी ने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा। गांव के प्रत्येक वार्ड और ढाणी तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। पेयजल, सड़क, नाली, साफ-सफाई, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है। ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर पंचायत के सामने रखें, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करवाया जा सके। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों को राहत दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सहयोग और एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पंचायत सभी को साथ लेकर चलेगी। गांव का विकास केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण की भागीदारी से ही संभव है। हमारा प्रयास रहेगा कि गोरिया ग्राम पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जाए।
फोटो: गोरिया ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच बबली देवी मिठाराम गरासिया पदभार ग्रहण करते हुए।




