PALI SIROHI ONLINE
बीकानेर-फलोदी जिले की लोहावट तहसील के विकास अधिकारी (BDO) नारायण सुथार के बीकानेर स्थित घर से एसीबी को 1 किलो सोना मिला। इसके अलावा जयपुर में 2 प्लॉट के डॉक्युमेंट मिले हैं, जो पिता के नाम से लिए हुए हैं।
एसीबी ने भीनासर चेकिंग पॉइंट पर BDO की कार से 8.14 लाख रुपए बरामद किए थे। इसके बाद एसीबी ने विश्वकर्मा क्षेत्र स्थित उनके घर पर सर्च किया था। शाम 7 बजे से शुरू हुई छापेमारी रात 1 बजे तक चली।
एसीबी की स्थानीय चौकी ने पूरे मामले की रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भेज दी है। अब मुख्यालय से जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। फिलहाल BDO के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
कार की तलाशी में मिले 8 लाख 14 हजार रुपए
एसीबी के ASP आशीष कुमार ने बताया- एसीबी को शुक्रवार शाम को सूचना मिली थी कि फलोदी जिले की लोहावट तहसील के BDO नारायण सुथार की गाड़ी में करीब 8 लाख रुपए की नकदी है। इसके आधार पर एसीबी टीम ने भीनासर के पास ट्रैफिक पॉइंट पर गाड़ियों की जांच शुरू की।
चेकिंग के दौरान BDO नारायण सुथार की कार वहां पहुंची, जिसे एसीबी टीम ने रोककर तलाशी ली। तलाशी में एक बैग से 8 लाख 14 हजार रुपए बरामद हुए। पूछताछ में BDO ने बताया कि ये रुपए उनके एक दोस्त के हैं, जो किसी को देने के लिए जा रहा था।
हालांकि उनके इस दावे से एसीबी संतुष्ट नहीं हुई। इसके बाद उनके घर पर भी सर्च किया गया, जहां से 1 किलो सोना मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए है। इसके अलावा टीम को जयपुर में 2 प्लॉट के दस्तावेज भी मिले। इनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है।
नकदी और सोने को लेकर नहीं दिया संतोषजनक जवाब
ASP आशीष कुमार ने बताया- BDO नारायण सुथार रात को कार से मिले रुपयों को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। घर से मिले 1 किलो सोने और प्लॉट के दस्तावेजों को लेकर भी संतोषजनक जानकारी नहीं दी है। ऐसे में मामले की विस्तृत जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
ASP ने बताया- यह कार्रवाई अचानक निरीक्षण के तहत की गई थी। इसी कारण BDO नारायण सुथार को डिटेन किया गया था, उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई थी। आवश्यकता पड़ने पर एसीबी की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जयपुर मुख्यालय भेजी रिपोर्ट
ASP आशीष कुमार ने बताया- पूरे मामले की रिपोर्ट जयपुर स्थित मुख्यालय को भेजी गई है। मुख्यालय स्तर से जांच अधिकारी तय होने के बाद मामले की आगे की जांच की जाएगी। फिलहाल BDO के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।




