PALI SIROHI ONLINE
बाली-देसूरी नाल में बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। मिनी आयशर ट्रक सामने से आ रही रोडवेज बस को बचाने की कोशिश में बेकाबू होकर सड़क किनारे चला गया। ट्रक का अगला हिस्सा नदी की खाई की ओर लटक गया, लेकिन वह आधा सड़क पर और आधा खाई के मुहाने पर अटक गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह मिनी आयशर ट्रक देसूरी की ओर आ रहा था। देसूरी नाल में गजानंदजी मंदिर के आगे मोड़ के पास सामने से एक रोडवेज बस आ रही थी। बस को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक को सड़क के किनारे लिया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पाथ से टकराया और पलटते हुए खाई की ओर चला गया।
ट्रक खाई में गिरने ही वाला था कि उसका चेसिस, बैटरी व टूल्स बॉक्स और एक पेड़ सहारा बन गए। इन्हीं के सहारे वाहन खाई के मुहाने पर अटक गया और पूरी तरह नीचे गिरने से बच गया। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चारभुजा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को गंभीर चोट नहीं आई है।
हादसे की सूचना मिलने पर देसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। खाई के मुहाने पर खतरनाक स्थिति में अटके मिनी ट्रक को बाद में क्रेन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।


