PALI SIROHI ONLINE
चित्तौड़गढ़-चित्तौड़गढ़ में 7 लाख रुपए का कर्ज चुकाने के लिए एक युवक नशा तस्कर बन गया। अचार के डिब्बे में 1.215 किलो अफीम छुपाकर सप्लाई देने जा रहे तस्कर को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी हर बार माल पहुंचाने के बदले करीब 5 हजार रुपए लेता था। मामले में अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को अफीम कौन उपलब्ध करवा रहा था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।पुख्ता सूचना के बाद टीम पहुंची, संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा
एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि बस्सी थाना क्षेत्र के नगरी आम रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा हुआ है, जिसके पास अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनटीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां बताए गए हुलिये के अनुसार एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। इसके बाद कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस की तलाशी में खुला राज, अचार के डिब्बे में छुपा रखी थी अफीम
स्थानीय पुलिस के पहुंचने के बाद संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अफीम को अचार के डिब्बे में छुपाकर ले जा रहा था। उसने डिब्बे के नीचे एक थैली में अफीम रखी थी और उसके ऊपर अचार भर दिया था, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि सटीक सूचना के चलते उसका यह तरीका काम नहीं आया।डिब्बे से 1.215 किलो अफीम बरामद, आरोपी गिरफ्तार
तलाशी के दौरान पुलिस ने अचार के डिब्बे से कुल 1.215 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
7 लाख के कर्ज ने बनाया तस्करों का साथी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम पुत्र बंशीलाल सालवी (30) निवासी आवलहेड़ा, थाना बस्सी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर करीब 7 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। आर्थिक तंगी के चलते वह तस्करों के संपर्क में आया और अफीम सप्लाई करने का काम करने लगा। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है।एक खेप पहुंचाने पर मिलते थे 5 हजार रुपए
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक बार माल पहुंचाने के बदले उसे करीब 5 हजार रुपए दिए जाते थे। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वह कब से इस अवैध कारोबार में शामिल था और उसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।


