PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी में पेयजल समस्या, ग्रामीणों व सरपंच की नाराजगी की खबर के बाद हरकत में आया विभाग, इसी सप्ताह डलेगी नई पाइप लाइन
चामुंडेरी। बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम पंचायत क्षेत्र की वालकी गली में पिछले कुछ समय से गहराए पेयजल संकट को लेकर ग्राम की वालकी गली के रामदेव जी विक्रम माली की गली और अर्जुन सिंह प्रदान की गली में पानी की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने बीते कल जोरदार प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों के इस आक्रोश और सरपंच जसवंत राज मेवाड़ा की जलदाय विभाग के प्रति कड़ी नाराजगी की खबर पाली सिरोही ऑनलाइन पर चलने के बाद आज विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने किया मौका मुआयना
सरपंच जसवंत राज मेवाड़ा द्वारा विभाग के उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराने और नाराजगी जाहिर करने के बाद, जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JEN) पी.एस. राठौड़ और जवाई जल मिशन के अधिकारियों व कार्मिकों की एक संयुक्त टीम चामुंडेरी पहुंची। टीम ने सबसे पहले सरपंच मेवाड़ा से मुलाकात कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
नई पाइपलाइन और कनेक्शन का मिला भरोसा
सरपंच ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में वालकी गली और वेलार रोड सहित प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की मांग रखी। इसके बाद विभागीय टीम ने प्रभावित गलियों का दौरा किया और ग्रामीणों से संवाद किया। अधिकारियों ने मौके पर ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्या के स्थाई समाधान के लिए जल्द ही नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी और नए कनेक्शन जारी किए जाएंगे, ताकि भविष्य में पानी की किल्लत न हो।
सरपंच की सक्रियता की चर्चा
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से वे पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे थे। प्रदर्शन के बाद सरपंच जसवंत राज मेवाड़ा ने जिस तरह से विभाग को घेरा और मौके पर अधिकारियों को बुलवाया, उससे ग्रामीणों में समाधान की उम्मीद जगी है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और जवाई जल मिशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

