PALI SIORHI ONLINE
बाली। बाली उपखंड के चामुंडेरी ग्राम में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बाली तहसीलदार जितेंद्र सिंह चंपावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।

शिविर के दौरान तहसीलदार जितेंद्र सिंह चंपावत एवं चामुंडेरी सरपंच जसवंतराज मेवाड़ा ने ग्राम निवासी कमला देवी पत्नी नाथाराम (गाडोलिया लोहार) को 400 वर्ग फीट का निःशुल्क आवासीय पट्टा प्रदान किया। लंबे समय से आवास की प्रतीक्षा कर रही विधवा महिला को पट्टा मिलने पर उसकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली बताया।

शिविर में राजस्व विभाग से जुड़े कई प्रकरण भी सामने आए। चामुंडेरी पटवार हलके के अंतर्गत मालदर के निकट धवली क्षेत्र के एक खातेदार पवन कुमार ने अपनी खातेदारी भूमि के सीमांकन की मांग रखी। वहीं कैलाश मेघवाल ने अपने पिता के नाम पूर्व में आवंटित भूमि का सीमांकन कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
VIDEO
इसी प्रकार चामुंडेरी निवासी रणजीत सिंह पुत्र उगम सिंह (राजपूत) ने अपनी खातेदारी भूमि पर अवैध रूप से किए गए विद्युत एवं पेयजल कनेक्शनों को हटाने तथा भूमि का सीमांकन करवाने की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। वही सरपंच जसवंत राज मेवाडा ने ज्ञापन में लिखा कि रोडवेज बस का स्टॉपेज चामुंडेरी में होने के बावजूद ग्राम में रोडवेज बस सुरु करने व ग्राम में आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन निर्माण को लेकर ज्ञापन दिया।
ग्रामीण सेवा शिविर में नायब तहसीलदार अचलाराम, अतिरिक्त विकास अधिकारी सुरेश जानी, विद्युत निगम के सहायक अभियंता इंद्रजीत मीणा, नाना भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश बोहरा, ग्राम विकास अधिकारी हितेश बामनिया, बाली उपखंड किसान संगठन अध्यक्ष भवानी सिंह चौहान, असिस्टेंट बैंक मैनेजर यग्वेंद्र देवड़ा, पटवारी राहुल लोहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


